रैपिड रेल निर्माण कार्य में लगी क्रेन ने ओवर हाइट बैरियर तोड़ा
मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गाजियाबाद की तरफ जाने वाली साइड में लगे ओवर हाइट बैरियर को शुक्रवार सुबह रैपिड रेल निर्माण कार्य में लगी क्रेन ने तोड़ दिया। बैरियर तेज आवाज के साथ सड़क और एक दुकान की सीढ़ियों पर जा गिरा। इस दौरान बड़ा हादसा होने से बच गया। इससे दिल्ली-मेरठ मार्ग पर भीषण जाम लग गया। यातायात सामान्य होने में करीब तीन घंटे का समय लगा। सुबह के समय दोनों साइड जाम लगने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रैपिड रेल निर्माण कार्य युद्घस्तर पर चल रहा है। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर अंबर सिनेमा के समीप चल रहे रैपिड रेल स्टेशन निर्माण कार्य के चलते मार्ग पर दोनों साइड में ओवर हाइट बैरियर लगे हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब आठ बजे निर्माण कार्य में लगा एक हाइड्रा (क्रेन) सरिया लोड अनलोड कर रहा था। कार्य के दौरान ऑपरेटर हैड डाउन किए बिना क्रेन को तेजी से दौड़ाने लगा। इसी के चलते क्रेन तेजी से ओवर हाइट बैरियर से जा टकराई, जिससे बैरियर तेज आवाज साथ टूटकर जमीन पर गिर गया। सड़क पर बैरियर गिरने से गाजियाबाद की ओर जाने वाले ट्रैफिक थम गया। सुबह के समय वाहनों की अधिकता के चलते कुछ ही देर मौके पर भीषण जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने रूट डायवर्ट किया तो रैपिड रेल निर्माण कार्य के चलते हुई बैरिकेडिंग से दूसरी ओर भी भीषण जाम लग गया। दोनों ओर करीब पांच किमी से अधिक लंबी वाहनों की कतार लग गई। एसडीएम शुभांगी शुक्ला का कहना है कि कार्यदायी संस्था को रात के समय कार्य करने के लिए कहा गया है। अगर जरूरत पड़ने पर दिन में कार्य किया जाता है तो पूरी सावधानी रखने की हिदायत दी गई है।