दुष्कर्म मामला : बीडीएस की छात्रा के सोमवार को कोर्ट में होंगे बयान दर्ज
मेरठ। बीडीएस की छात्रा से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाने के आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। अब तक आरोपी हाथ नहीं आया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि छात्रा का मेडिकल करा दिया गया है। सोमवार को उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराएं जाएंगे।
टीपीनगर पुलिस के मुताबिक बागपत रोड निवासी छात्रा की डेढ़ साल पहले रोहटा रोड स्थित गगन विहार निवासी आकाश से मुलाकात हुई थी। आकाश ने छात्रा से दोस्ती की और शादी का झांसा दिया। बाद में आरोपी का युवती के घर में आना-जाना शुरू हो गया था।
आरोप है कि युवक ने छात्रा को प्रेम जाल में फंसाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद अश्लील वीडियो बनाया गया। कुछ दिनों पहले छात्रा ने शादी का दबाव बनाया तो युवक ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद छात्रा युवक के घर पहुंची और उसके परिजनों को मामले की जानकारी दी। आरोप है कि युवक के परिजनों ने बेटे का पक्ष लेते हुए छात्रा से अभद्रता की और घर से भगा दिया।
इंस्पेक्टर संत शरण सिंह का कहना है कि छात्रा की शिकायत पर आरोपी आकाश के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सोमवार को छात्रा के कोर्ट में बयान दर्ज कराएं जाएंगे। आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।