बहसूमा। राजन हत्याकांड में बृहस्पतिवार को मुख्य आरोपी सचिन कुमार ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
बहसूमा कस्बे के मोहल्ला बसी निवासी ट्रक चालक राजन की सोमवार 11 अगस्त को कस्बे के ही टायर पंचर लगाने वाले सचिन व उसके दो साथियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या से पहले ट्रक चालक राजन की 10 अगस्त को टायर पंचर लगाने वाले सचिन के पिता से दुकान पर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद टायर पंचर लगाने वाला सचिन उसकी हत्या की फिराक में लग गया। सोमवार को सचिन ने कस्बे के पश्चिमी छोर स्थित हाजी की कॉलोनी में बुलाकर राजन की हत्या कर दी थी। मृतक के पिता बिजेंद्र ने सचिन व दो अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस सचिन के साथी प्रयाग वाल्मीकि को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली थी। पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। बृहस्पतिवार को मुख्य आरोपी सचिन ने मेरठ न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि हत्यारोपी को कोर्ट से रिमांड पर लेकर पूछताछ कर हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया जाएगा।