रोहटा। रोहटा स्थित गोदाम पर अवैध पटाखे की बिक्री की सूचना पर शुक्रवार शाम एसपी सिटी के आदेश पर पुलिस ने छापा मारा। पुलिस ने जांच पड़ताल कर गोदाम में रखे माल को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया। एसपी देहात व सीओ सिविल लाइन मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। एसपी देहात ने बताया कि मौके पर कुछ भी स्पष्ट नहीं मिला है।
शहर में काफी समय से दीपावली के मद्देनजर प्रदूषण फैलाने वाली आतिशबाजी की बिक्री की सूचना मिल रही थी। सूचना और शिकायत के बाद शुक्रवार शाम एसपी सिटी के आदेश पर पुलिस टीम ने रोहटा स्थित जेएसएस कॉरपोरेशन कंपनी के गोदाम पर छापा मारा। मौके पर टीम को ग्रीन पटाखे और विस्फोटक सामग्री रखी मिली। घंटेभर तक गोदाम में पुलिस टीम ने जांच पड़ताल की।
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा व सीओ सिविल लाइन शुचिता सिंह भी मौके पर पहुंची और गोदाम के अंदर रखे पटाखों की जांच की। जांच पड़ताल के बाद एसपी देहात ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि ग्रीन पटाखे की आड़ में अवैध पटाखे व विस्फोटक सामग्री बेची जा रही है। वहीं, छापे के बाद तहसीलदार और प्रशासनिक टीम भी मौके पर पहुंची और बरामद सामग्री की सुपुर्दगी की कार्रवाई की।
एसपी देहात राकेश मिश्रा ने बताया कि मौके पर कुछ भी स्पष्ट नहीं मिला है। जांच पड़ताल के बाद रिपोर्ट बनाकर शासन को भेजी जा रही है।