नौचंदी स्थित पटेल मंडप में बृहस्पतिवार को ‘एक शाम रफी के नाम’ का आयोजन किया गया। दिल्ली से आए सिंगरों ने रफी के एक से बढ़कर एक तरानों से महफिल में रंग भर दिए। इसके पूर्व महापौर सुनीता वर्मा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सुरों की महफिल में सिंगर प्रिया ने फिल्म मेरा गांव मेरा देश के गीत ‘हाय शरमाऊं, किस किस को बताऊं’ से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद आए इमरान रफी ने ‘तू इस तरह से मेरी जिंदगी में शामिल है’ गाकर समा बांध दिया। नवीन पीटर ने ‘भोले ओ भोले’ और शान ने ‘तेरी जवानी, तपता महीना..ओ नाजनीना’ से ऐसा रंग जमाया कि दर्शक खड़े होकर झूमने लगे। इसके अलावा अजी ऐसा मौका कहां मिलेगा और बेबी राज का गाना ‘आने से उसके आए बहार, जाने से उसके जाए बहार’ सुनकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। कार्यक्रम के संयोजक पार्षद नीरज सिंह रहे। इस मौके पर पार्षद राकेश शर्मा, कपिल अग्रवाल, रवींद्र मिश्रा, प्रशांत, विकास, अजय, सोनू, अनुज, नरेंद्र राष्ट्रवादी, अब्दुल गफ्फार, सलीम, राजकुमार आदि मौजूद रहे।