हाईकोर्ट बेंच स्थापना केंद्रीय संघर्ष समिति के चेयरमैन और मेरठ बार के अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि आज 22 जिलों में हुआ आंदोलन ऐतिहासिक रहा है। अब समय आ गया है कि इतिहास बनाना है। इतिहास तब बनेगा जब शहर के लोगों के लिए हाईकोर्ट बेंच पश्चिम उत्तर प्रदेश में आ जाएगी। आज शहर के लोगों ने हमारी मांग का पूरा साथ दिया इसके लिए हम ऋणी हैं। इतना ही नहीं पूरे शहर ने कहा कि कभी जरूरत होगी तो पूरा शहर हाईकोर्ट बेंच की मांग के साथ खड़ा रहेगा।
अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश ने एकजुटता दिखाई है। मुजफ्फरनगर ने हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर ऐतिहासिक एकजुटता दिखाई है। सहारनपुर, शामली, बागपत ने भी परंपरा को निभाते हुए मजबूत समर्थन दिया। इसके अलावा मुरादाबाद सहित अन्य जिलों से सुबह से ही एकजुटता की सूचना प्राप्त होती रहीं। अब सभी की मांग पूरी करने का समय आ गया है।
उन्होंने कहा कि पहले सभी सांसदों से बात की जाएगी। अगर जरूरत पड़ी तो सेंट्रल एक्शन कमेटी की बैठक बुलाई जाएगी। यह सिर्फ सांकेतिक बंद है क्योंकि यह अब यह जन जन आंदोलन हो गया है। अब पूरा पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रतिदिन अपनी प्रतिक्रिया देगा इस मांग को लेकर। संगठन के महामंत्री राजेंद्र सिंह राणा ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इसे शुरुआत माने और इस आवाज को लगातार सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से सरकार तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट बेंच अब पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति की आवाज है।