सहारनपुर। चुनहैटी फाटक के निकट स्थित सरस्वती विहार सेकेंडरी स्कूल में चल रहे आरएसएस के शिविर के तहत मंगलवार को पथ संचलन निकाला गया, जिसका कई जगहों पर स्वागत हुआ। पथ संचलन में छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
मंगलवार शाम पथ संचलन से पूर्व आरएसएस के पदाधिकारियों ने राष्ट्र प्रेम की भावना के साथ शारीरिक, बौद्धिक और अनुशासित रहने का प्रशिक्षण दिया। इसके बाद चुनैहटी फाटक के निकट स्कूल से पथ संचलन निकाला गया, जो दिल्ली रोड स्थित सरस्वती विहार हायर सेकेंडरी स्कूल में पहुंचकर संपन्न हुआ। राष्ट्रीय सेविका समिति की महिलाओं और सामाजिक संगठनों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। मेरठ प्रांत के सह प्रचारक विनोद ने कहा कि हर समाज में देशभक्त, अनुशासित, चरित्रवान और नि:स्वार्थ भाव से काम करने वाले लोगों की आवश्यकता होती है। आरएसएस ऐसे लोगों को संगठित करने का कार्य करता है। ज्ञान विज्ञान के क्षेत्र में हमारा देश सर्वश्रेष्ठ हो, आर्थिक दृष्टि से संपन्न हो। इसके लिए आरएसएस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता हमेशा प्रयासरत हैं। इसी कड़ी में छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने और संस्कारवान बनाने के लिए शिविर चल रहा है। संगठन समाज को संगठित कर रहा है। पथ संचलन और प्रशिक्षण वर्ग में आरएसएस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।