मुसीबत: गड्ढों में शहर की 140 सड़कें... टेंडर नहीं ले रहे ठेकेदार
मेरठ। शहर की सड़कों की मरम्मत के लिए निकाले गए टेंडर लेने से ठेकेदारों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। ठेकेदारों का कहना है कि निगम पहले पुराना पैसा दे तभी नए टेंडर में आवेदन करेंगे। ऐसे में नगर निगम प्रशासन खुद ही गड्ढों को भरवाने का निर्णय लिया है। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
शहर के गली मोहल्ले से लेकर कई मुख्य मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं। जिला अस्पताल मार्ग, ओडियन नाला पटरी मार्ग, प्रहृलादनगर हापुड़ अड्डा चौराहा मार्ग, हापुड़ रोड, गढ़ रोड, कचहरी रोड, खैरनगर, ब्रह्मपुरी, शारदा रोड, बागपत रोड, सरधना रोड, खिर्वा रोड भी जर्जर हो चुका है। नगर निगम दो माह से सड़क निर्माण के टेंडर निकाल रहा है। कुछ कार्य नाले की दीवारों के भी हैं। इनके टेंडर खरीदने कोई ठेकेदार आगे नहीं आ रहा है। वहीं मरम्मत वाली 50 सड़कों के दोबारा टेंडर की प्रक्रिया चल रही है।
24 घंटे में मरम्मत की खुली पोल
नगर निगम की ओर से कराई जा रही सड़कों की मरम्मत की पोल 24 घंटे में ही खुल गई। नगरायुक्त डॉ. अमितपाल शर्मा की फटकार के बाद निर्माण विभाग के इंजीनियरों ने शास्त्रीनगर में सड़क के गड्ढे भरवाए थे। इसके 24 घंटे बाद ही मौके पर पहले से गहरा गड्ढा हो गया।
अफसरों से बोले लोग...टूटी सड़कों और जलभराव से निजात दिलाओ
इस्लामाबाद और बुनकरनगर पहुंची निगम की टीम
यहां की समस्याएं उठाने पर ही पार्षद के साथ हुई थी अभद्रता
फोटो समाचार
मेरठ। इस्लामाबाद और बुनकर नगर में टूटी सड़कों, जलभराव और डेयरियों के गोबर से अटे नालों की स्थिति जानने के लिए सोमवार को निगम के अधिकारी निरीक्षण करने पहुंचे। पार्षद और स्थानीय लोगों ने जलभराव और गंदगी से निजात दिलाने की मांग की।
ये वही वार्ड हैं जिनकी समस्या उठाने पर पार्षद अहसान अंसारी को निगम कार्यालय में अभद्रता का सामना करना पड़ा था। पार्षद के अपमान का मामला बोर्ड बैठक में भी उठा था। नगरायुक्त अमितपाल शर्मा ने घटना पर खेद जताया था। उस समय स्थगित बोर्ड बैठक शीघ्र ही बुलाई जानी है। इस बार बोर्ड में यह मुद्दा न रहे इसलिए सोमवार शाम नगरायुक्त और अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार इस्लामाबाद और बनुकर नगर की गलियों का निरीक्षण करने कांच के पुल पर पहुंचे। पार्षद एहसान अंसारी ने जलभराव के कारण टूटी सड़कों को दिखाया। इस दौरान पार्षद राशिद अली भी साथ रहे। ब्यूरो