गंगानगर में प्रियांशु ने चलाई थीं गोलियां, तीन गिरफ्तार
मेरठ। गंगानगर में प्रियांशु उर्फ सुच्चा ने छात्रों के बीच गोलियां चलाई थीं। सीसीटीवी कैमरे में गोली चलाते हुए उसकी फुटेज मिली है। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश में दबिश दी, लेकिन वह गिरफ्त में नहीं आया। पुलिस ने उसके तीन साथी अभिषेक, तनिष्क और उदित को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में 20 से अधिक छात्र और अन्य युवक शामिल थे। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस की ओर से ही केस दर्ज किया गया है।
गंगानगर स्थित आईआईएमटी विश्वविद्यालय में बुधवार दोपहर 2:30 बजे छात्र और छात्राएं सीटीईटी की परीक्षा देने जा रहे थे। इसी दौरान संस्थान के पास छात्रों के दो गुटों में वर्चस्व को लेकर मारपीट और फायरिंग हो गई। एक पक्ष के छात्रों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सीसीटीवी कैमरे में यह घटना कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक गोली चलाते हुए दिखाई दे रहा है।
भावनपुर थाना पुलिस ने जांच की और नौ युवकों के खिलाफ धारा 307(जानलेवा हमला), 323(मारपीट) व 506 (धमकी) में केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने तीन आरोपी अभिषेक भड़ाना निवासी पबला इंचौली, तनिष्क निवासी अम्हैड़ा गंगानगर व उदित निवासी खरखौदा को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक गोली चलाने वाला युवक प्रियांशु उर्फ सुच्चा है। वह इंचौली के पबला गांव का निवासी है। पुलिस ने उसकी तलाश में दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला। बताया गया कि प्रियांशु गंगानगर में हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा है।
-----
प्रियांशु के साथ ये बनाए गए आरोपी
इंस्पेक्टर आनंद गौतम ने बताया कि प्रियांशु उर्फ सुच्चा के साथ ही आरोपी प्रशांत चंदीला, तनिष्क, सचिन विकल, शनि, अभिषेक, स्वेत, उदित और आकाश को नामजद किया गया है, जबकि 12 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर फरार आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन कोई नहीं मिला। पुलिस आरोपियों के मोबाइल नंबर से उनकी लोकेशन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।