चार एक्सप्रेसवे वाले इलाकों में चलेंगी प्राइवेट बसें
मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मेरठ समेत नोएडा, बुंदेलखंड और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर प्राइवेट बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। इससे जहां इन क्षेत्रों की जनता को बस सेवा मिलना आसान हो जाएगा, वहीं प्राइवेट बस संचालकों को भी रोजगार मिलेगा। इसके लिए आगामी 22 नवंबर तक प्राइवेट बस संचालकों को राज्य परिवहन प्राधिकरण से परमिट लेने के लिए आवेदन करना होगा।
उत्तर प्रदेश में बने नए एक्सप्रेसवे क्षेत्र में बस सेवा न होने के कारण जनता को दिक्कतें आ रही हैं। इन क्षेत्रों की जनता को आसानी से बस सेवा मिले और प्राइवेट बस संचालकों को भी रोजगार मिले, इसके लिए सरकार ने बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। बस सेवा बाटनिकल गार्डन सेक्टर 37 से कौशांबी-मेरठ एक्सप्रेसवे परतापुर - मेरठ बाईपास से होकर घंटाघर मार्ग पर, लखनऊ से नोएडा सेक्टर 37 एक्सप्रेसवे वाया रिंग रोड कुबेरपुर आगरा परी चौक मार्ग, लखनऊ से गाजीपुर वाया आंबेडकर नगर, आजगढ़ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और चित्रकूट से भरथना इटावा वाया बांदा, राठ, जालौन, औरया और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बसों का संचालन किया जाएगा। आरटीओ हिमेश तिवारी ने बताया कि इन रूटों पर बस संचालन के लिए गाड़ी मालिकों को यात्री गाड़ियों का परमिट लेना होगा। इसके लिए 200 रुपये कोट फीस, 1200 रुपये आवेदन फीस और 7500 रुपये परमिट फीस के साथ आवेदन करना होगा, ताकि 29 नवंबर को आयोजित होने वाली प्राधिकरण की बैठक में निर्णय लिया जा सके।