मवाना। नवजीवन किसान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने सीओ को दिए पत्र में बस स्टैंड पुलिस चौकी के पास स्थित बालिका अनुभाग के पास अवैध रूप से गाड़ियां खड़ी करने वाले टैक्सी चालकों और मनचलों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रधानाचार्य शरणवीर सिंह ने क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया को प्रार्थना पत्र सौंपकर शिकायत दर्ज कराई कि पुलिस चौकी के पास स्थित कॉलेज बिल्डिंग व मुख्य गेट के सामने रोजाना करीब 20 से 25 टैक्सी चालक अपनी गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। इन टैक्सियों के पास कुछ मनचले युवक भी खड़े रहते हैं जो कॉलेज आने जाने वाली छात्राओं पर भद्दी टिप्पणी करते हैं, जिससे भविष्य में किसी बड़ी घटना या अनहोनी की आशंका बनी हुई है। सीओ पंकज लवानिया ने थाना प्रभारी और नगर पालिका ईओ को इस संबंध में जांच कर कार्रवाई करने के लिए आदेशित किया है।