मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत भाटवाड़ा मोहल्ले में सोमवार सुबह एक पुजारी का गोली लगा शव घर के अंदर मिला। मृतक की पहचान सूरजकुंड मंदिर में पूजा करने वाले अमित शर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची और तुरंत जांच शुरू की। घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद की गई, वहीं कमरे में चारों तरफ खून फैला हुआ था।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट सहित अन्य अहम साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि मृतक की अपनी पत्नी से घरेलू विवाद चल रहा था। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि गोली लगना आत्महत्या का मामला है या किसी और वजह से मौत हुई।
एसपी सिटी आयुष सुखराम सिंह ने बताया कि मौके से जो पिस्टल मिली है, उसकी वैधता की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों को स्पष्ट रूप से कहा जा सकेगा।