दौराला - मिट्टी कटान से झुके पोल सीधा करते विद्युत निगम के कर्मचारी। स्रोत: ग्रामीण
दौराला। बुधवार रात से शुरू हुई बारिश के कारण बृहस्पतिवार को चिरौड़ी गांव में मिट्टी कटान होने के कारण हाईटेंशन विद्युत लाइन के खंभे एक तरफ झुक गए। इस कारण चिरौड़ी, मछरी, बड़कली समेत आसपास के कई गांवों की बिजली आपूर्ति करीब छह घंटे तक बाधित रही। बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही विद्युत निगम की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से मरम्मत कार्य शुरू कराया। लगातार बारिश के कारण कर्मचारियों को काम करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद विद्युतकर्मी खराब मौसम के बीच जुटे रहे और खंभों को दोबारा खड़ा कर लाइन को दुरुस्त करने में लगे रहे। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर बाद एचटी लाइन ठीक कर विद्युत आपूर्ति सुचारु की गई। करीब छह घंटे बाद बिजली आने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
दौराला - मिट्टी कटान से झुके पोल सीधा करते विद्युत निगम के कर्मचारी। स्रोत: ग्रामीण
दौराला - मिट्टी कटान से झुके पोल सीधा करते विद्युत निगम के कर्मचारी। स्रोत: ग्रामीण