मेरठ। इनकमिंग वीसीबी (वैक्यूम सर्किट ब्रेकर) फटने से सोमवार सुबह साढ़े छह अमन विहार बिजलीघर पूरी तरह से ठप हो गया। इससे बिजलीघर से जुड़ी अमन विहार कॉलोनी, यशुकुंज कॉलोनी, माधवकुंज कॉलोनी, यमुना विहार कॉलोनी, कृष्णा एन्क्लेव, रजपुरा गांव, बूढ़पुर, सलारपुर, छिलोरा आदि क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। ऊर्जा निगम की टीमों ने वीसीबी को ठीक करके दोपहर डेढ़ बजे बिजली आपूर्ति चालू कराई। थोड़ी देर चलने के बाद वीसीबी फिर खराब हाे गई। इसके बाद कड़ी मशक्कत करके फिर से वीसीबी ठीक कराई गई और शाम पांच बजे बिजली आपूर्ति शुरू हो गई। लगभग 10 घंटे तक बिजली नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मुख्य अभियंता मेरठ जोन-प्रथम रजनीकांत मिश्र ने बताया कि खराब वीसीबी को ठीक कराकर पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति चालू कराई गई। उधर, माधवपुरम बिजलीघर से जुड़े ब्रह्मपुरी क्षेत्र में दिनभर बिजली की कटौती चलती रही। संवाद