मेरठ। लोकसभा चुनाव में पोलिंग पार्टियां बनाने को लेकर चुनाव कार्यालय में माथापच्ची चल रही है। मुजफ्फरनगर और बिजनौर लोकसभा चुनाव पहले चरण में होने के कारण मेरठ की सरधना व हस्तिनापुर विधानसभा में चुनाव कराने के लिए 742 पोलिंग पार्टियां तैयार की गई हैं। इन दोनों विधानसभा के मतदाताओं की दोनों लोकसभा सीटों पर महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। मतदान से एक दिन पहले पोलिंग बूथों पर पार्टियां रवाना हो जाएंगी।
मेरठ जनपद में 1169 मतदान केंद्रों पर 2758 बूथ बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर चार लोगों की ड्यूटी निर्धारित की गई। मेरठ-हापुड़ लोकसभा चुनाव 26 अप्रैल को दूसरे चरण में हैं, जबकि मुजफ्फरनगर और बिजनौर का चुनाव 19 अप्रैल को पहले चरण में होना तय है। मुजफ्फरनगर सीट पर सरधना विधानसभा के 368030 और बिजनौर सीट पर हस्तिनापुर की विधानसभा के 350192 मतदाता मतदान करेंगे। सहायक निर्वाचन अधिकारी वेदपाल सिंह ने बताया कि सरधना में 373, हस्तिनापुर में 369 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं।
वहीं, दूसरे चरण में पोलिंग पार्टियां बनाने का सिलसिला जारी है। मतदान में ड्यूटी करने वाले शिक्षक, नगर निगम, विकास प्राधिकरण सहित अन्य विभाग के कई कर्मचारी अपनी ड्यूटी कटवाने में लगे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि अलग-अलग चरण के अनुरूप पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी।