पुलिस ने 12 घंटे में अपहृत बच्चे को किया बरामद
दौराला। पुलिस ने 12 घंटे में 14 वर्षीय अपह्त बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया, हालांकि आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके।
जिला बदायूं के बिसौली गांव निवासी नन्हीं पत्नी रामजी ने बताया कि कुछ युवक उसके बड़े बेटे शिवम (16) व 14 वर्षीय रवि को मेरठ में नौकरी लगवाने के नाम पर लेकर आए थे। आरोप है कि युवकों ने सकौती के नंगली गेट पर शिवम को गाड़ी से उतारकर भगा दिया और 14 वर्षीय रवि को अपने साथ ले गए। शिवम ने फोन पर अपने माता-पिता को मामले की जानकारी दी। जिस पर परिजन मंगलवार रात दौराला थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने रवि को जानसठ रोड से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने रवि को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
थाना प्रभारी किरणपाल सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।