लूट की सूचना पर दौड़ी पुलिस, मारपीट का निकला मामला
मेरठ। लिसाड़ी गेट क्षेत्र के मजीद नगर में मामूली बात पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष ने डायल 112 पर फोन कर लूट होने की सूचना दे दी। सूचना पर पुलिस मौके की ओर दौड़ी। मौके पर पहुंचकर पुलिस को जब मारपीट के बारे में जानकारी मिली तब कहीं जाकर चैन की सांस ली। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मजीद नगर निवासी शादाब की अपने पड़ोसी नदीम से नाली की सफाई करने को लेकर मारपीट हो गई थी। शादाब ने डायल 112 पर अपने साथ लूट होने की सूचना दे दी। जिससे पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो मालूम हुआ कि लूट नहीं, बल्कि दो पक्षों में मारपीट हुई थी। इस दौरान दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। वहीं, आरोपियों के पड़ोसियों का कहना है कि शादाब की किसी न किसी से मारपीट होती रहती है। वह दबंग किस्म का है, बिना बात के भी आते-जाते लोगों से लड़ता है। कितनी बार उसकी शिकायत पुलिस चौकी पर कर चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है। पुलिस कर्मियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ झूठी सूचना देने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।