मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित नंदनी प्लाजा में शुक्रवार को एक मोबाइल कंपनी के अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने मोबाइल की दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान काफी मात्रा में मोबाइल कंपनी की नकली एक्सेसरीज बरामद की गई। कार्रवाई से बचने के लिए कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से फरार हो गए। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि कुछ दुकानदारों द्वारा मोबाइल कंपनी का नकली माल बेचा जा रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने कंपनी के अधिकारियों के साथ मिलकर दुकानों पर छापेमारी की। पुलिस को मौके से नकली सामान मिला। इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।