सरधना। दूसरे चरण के निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने खाका तैयार कर लिया है। क्षेत्र में जोन व्यवस्था लागू होने के साथ-साथ अति संवेदनशील प्लस बूथों पर कड़ी नजर रहेगी। इन बूथों पर ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
पुलिस ने सरधना कस्बे से करीब एक हजार लाइसेंसी शस्त्र थानों में जमा कराए हैं। अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्र कड़ी सुरक्षा के दायरे में रहेंगे। पुलिस फोर्स इन मतदान केंद्रों पर ड्रोन से भी नजर रखेगी। सीसीटीवी का भी सहारा लिया जाएगा। नगर में दो अतिसंवेदनशील प्लस व नौ अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं। करीब डेढ़ हजार लोगों को मुचलका पाबंद किया गया है। मतदान केंद्रों के आसपास रहने वालों को येलो कार्ड जारी किए जाएंगे। जिनसे चुनाव में झगड़ा होने की आशंका है, उन्हें रेड कार्ड दिए जाएंगे। पुलिस के मददगार लोगों को ग्रीन कार्ड दिए जाएंगे।
नगर पालिका में नौ अतिसंवेदनशील केंद्र
सरधना। थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत पचौरी ने बताया कि नगर क्षेत्र में आचार्य नमि सागर जैन कॉलेज व संत चार्ल्स इंटर कॉलेज को अतिसंवेदनशील प्लस श्रेणी में रखा गया है। अंबेडकर धर्मशाला खेवान, सेंट फ्रांसिस स्कूल भाटवाड़ा, बूढाबाबू, केके पब्लिक स्कूल व नेशनल पब्लिक स्कूल कमरानवाबान, पूर्व माध्यमिक विद्यालय मोहल्ला जोगियान, अग्रवाल धर्मशाला देवीगंज, ग्रीन वैली स्कूल टाउन हॉल रोड, नगर पालिका कार्यालय को अतिसंवेदनशील सूची में शामिल किया गया है। कुल 56 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नगर पालिका परिसर में पिंक बूथ बनाया जाएगा। पुलिस और प्रशासन की खास नजर अतिसंवेदनशील प्लस व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों बनी रहेगी।