शामली। एक्सिस बैंक में दस दिन पहले 40 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस जल्द ही इसका खुलासा कर सकती है। उधर, डीआईजी ने शामली पहुंचकर लूट प्रकरण की प्रगति की समीक्षा की।
शहर के धीमानपुरा स्थित एक्सिस बैंक में एक अक्तूबर की दोपहर को एक बदमाश ने 40 लाख रुपये लूट लिए थे। इस घटना में जिले की एसओजी, क्राइम ब्रांच समेत आठ टीमों के अलावा मंडल की एसओजी और एसटीएफ मेरठ की टीमों को लगाया गया है। शासन से इस मामले की मॉनिटरिंग की जा रही है। एडीजी मेरठ भी इस प्रकरण में जानकारी ले चुके हैं। बताया गया है कि इस घटना में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिल गए हैं, जिनके आधार पर पुलिस बदमाश की तलाश में जुटी है। पुलिस एक दो दिन में इस घटना का खुलासा कर सकती है। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया बैंक में लूट की घटना में पुलिस टीमें लगी हुई है। कुछ अहम सुराग हाथ लगे है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।