मेरठ। मेडिकल पुलिस ने किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी भाजपा नेता के भाई योगेंद्र चौहान की घेराबंदी कर दी है। योगेंद्र चौहान पर 22 जनवरी को बाल कल्याण समिति ने घर में कामकाज करने वाली किशोरी के साथ दो साल से दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि, पुलिस ने एक महीने से इस मामले को दबा रखा था। सीओ सिविल लाइन अरविंद चौरासिया का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
बाल कल्याण समिति ने 22 जनवरी को जागृति विहार निवासी भाजपा नेता कौशल चौहान के भाई योगेंद्र चौहान के खिलाफ उन्हीं के घर में काम करने वाली किशोरी के साथ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। मेडिकल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किशोरी के बयान दर्ज कराने के साथ ही मेडिकल जांच भी कराई थी। इसके बावजूद राजनीतिक दबाव में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की। मामला समाचार पत्रों में प्रकाशित होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी की घेराबंदी में जुट गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई जगहों पर दबिश दी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
सिविल लाइन सीओ अरविंद चौरासिया का कहना है कि आरोपी योगेंद्र चौहान की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।