सरधना। थाना क्षेत्र के ईकड़ी गांव में नौ दिन पूर्व हुई डकैती में पुलिस ने सर्विलांस की मदद से चार युवकों को हिरासत में लिया है। इसके अलावा कई नंबरों की सीडीआर खंगाली है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने डकैती का जल्द खुलासा करने का दावा किया है।
नौ दिन पूर्व ईकड़ी गांव निवासी सतीश पुत्र परमानंद के परिवार को हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने बंधक बनाकर डकैती डाली थी। घटना के समय बदमाशों ने किसान के पोते रूद्र को गन प्वाइंट पर लेकर परिवार को आतंकित किया था। पुत्रवधू रूकमणी से नकदी व जेवरात लूटे थे। एसएसपी ने घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस, क्राइम ब्रांच सहित पुलिस की तीन टीमों को लगाया था। आठ दिन बीतने के बाद पुलिस कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है।
पुलिस ने घटनास्थल से मोबाइल लोकेशन के आधार पर चार युवकों को हिरासत में लिया है। क्राइम ब्रांच टीम हिरासत में लिए गए युवकों से बुधवार को दिनभर पूछताछ करती रही। सीओ सरधाना ब्रिजेश कुमार सिंह का कहना है कि पुलिस घटना के खुलासे के करीब है। पुलिस के हाथ कई सबूत लगे हैं।