बहसूमा। गांव अस्सा में प्लंबर मनोज कुमार (40) पुत्र नेपाल ने बुधवार की सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद परिवार के लोग शव लेकर थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
परिजनों के अनुसार, बीते मंगलवार को अस्सा निवासी मनोज कुमार के साथ पड़ोस के ही भूपेंद्र कुमार ने रंजिश में घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट व जान से मारने की धमकी दी थी। मनोज ने थाने में पड़ोस के ही चार युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाए फैसले के लिए दबाव बनाया। इससे आहत होकर मनोज ने बुधवार सुबह कमरे के दरवाजे के ऊपर लगे रोशनदान से रस्सी से लटककर आत्महत्या कर ली।
जब मृतक की पत्नी रूबी सुबह सोकर जागी तो पति का शव रोशनदान से लटका देखकर कोहराम मच गया। जानकारी पर थाना प्रभारी अवनीश शर्मा मौके पर पहुचे। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो परिजनों ने पुलिस पर ठोस कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि उनकी तहरीर पर मंगलवार रात में ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। काफी हंगामे के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर थाने पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। थानाध्यक्ष ने उक्त मुकदमे में ही धारा बढ़ाने की बात कही। बाद में पुलिस ने उक्त नामजद चारों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया।
मृतक के परिजनों का आरोप था कि पड़ोसी भूपेंद्र कुमार ने पिछली बार प्रधानी का चुनाव लड़ा था। चुनाव में वोट नहीं देने की रंजिश के चलते उसने मंगलवार को मनोज के साथ मारपीट की थी। विरोध करने पर भूपेंद्र उर्फ बिट्टू पुत्र महेंद्र, मिथुन पुत्र भोगा, प्रिंस पुत्र फतेह, मिंटू पुत्र नरेंद्र ने उसके घर में घुसकर गाली गलौज, मारपीट व जान से मारने की धमकी दी।
सुसाइड नोट बरामद
मृतक के भाई प्रमोद ने बताया कि उसके भाई मनोज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। थानाध्यक्ष ने उन्हें बताया कि सुसाइड नोट में भी उक्त चारों आरोपियों के ही नाम लिखे हैं, जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतक के परिजनों ने एक दरोगा पर फैसले के लिए धमकाने का आरोप लगाया है।
मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
मनोज कुमार चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। परिवार में उसकी पत्नी रूबी, पुत्र अनुज शिवा, पुत्री नेहा और श्वेता का रो रोकर बुरा हाल है।