मेरठ। भाजपा मेरठ महानगर ने बृहस्पतिवार को मंडल स्तर पर शहीदों की प्रतिमा पर स्वच्छता अभियान चलाया। बाबा औघड़नाथ मंदिर पर बने शहीद स्मारक पर भाजपा के राज्यसभा सांसद व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी और महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने स्वच्छता अभियान चलाया। इसके बाद मंदिर के पुजारी को राष्ट्रीय ध्वज भेंट किया। डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि शहीदों के प्रति सम्मान और श्रद्धा व्यक्त करना हमारा कर्तव्य है। शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। सदर थाना परिसर स्थित शहीद धनसिंह कोतवाल की प्रतिमा पर महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने स्वच्छता अभियान चलाया। कमिश्नरी चौराहा स्थित शहीद मनोज तलवार एवं शहीद धनसिंह कोतवाल की प्रतिमा पर सांसद अरुण गोविल ने स्वच्छता अभियान चलाया। बुढ़ाना गेट स्थित शहीद मंगल पांडे की प्रतिमा पर कमल दत्त शर्मा और सीसीएसयू स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर संजीव गोयल सिक्का ने स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।