सहारनपुर। देहात क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। क्योंकि, अब नकुड़ के गांव अध्याना में स्टेडियम बनने के साथ ही जनपद के सभी 11 ब्लॉक स्तर पर छोटे खेल मैदान बनाए जाने की कवायद तेज हो गई है। विभाग सर्वे कराने के साथ ही जगह फाइनल कर रहा है। सबकुछ ठीक रहा तो दो सप्ताह जगह चिह्नित कर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
दरअसल, नकुड़ के गांव अध्याना में खेलो इंडिया योजना के तहत स्टेडियम बनाया जाना है। तीन साल से बजट न मिलने की वजह से कार्य शुरू नहीं हुआ था। दो माह पूर्व शासन ने बजट का प्रावधान कर स्टेडियम निर्माण को हरी झंडी दी थी। इसके साथ ही जनपद के 11 विकास खंड स्तर पर खेल मैदान बनाए जाने की योजना की कवायद तेज हो गई है। यह योजना भी तीन सालों से अटकी थी।
जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग सर्वे कराकर चिह्नित कर रहा है। इसके तहत ग्राम पंचायत और सिंचाई विभाग की भूमि देखी गई है, लेकिन अभी इन विभागों से जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग को एनओसी लेनी होगी। इसको लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है। विभाग के मुताबिक, सबकुछ ठीक रहा तो दो सप्ताह सभी ब्लॉक स्तर पर पूरी तरह जगह चिह्नित कर बजट के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
- काफी समय से उठ रही थी मांग
ब्लॉक स्तर पर खेल मैदान बनाए जाने की मांग काफी समय से उठती रही है। जिला योजना की बैठक में भी मैदान बनाए जाने को कई बार चर्चा हुई है। यह योजना भी तीन वर्ष से अटकी पड़ी थी। अब खेल मैदान बनाए जाने का रास्ता लगभग साफ हो गया है।
- वर्जन :
जनपद के प्रत्येक विकास खंड स्तर पर खेल मैदान बनने हैं। इसको लेकर जगह चिह्नित की जा रही है। इसके साथ ही सर्वे भी कराया गया है। जल्द सभी जगहों पर भूमि का चयन कर लिया जाएगा। इसके बाद शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। - मयंक कुंडू, जिला युवा कल्याण अधिकारी