सरधना। गांव पोहल्ली में देर रात घर के बाहर खड़ी पिकअप गाड़ी अज्ञात चोर चुराकर ले गए। सुबह परिजनाें ने देखा तो गाड़ी चोरी होने की जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। दोपहर बाद गांव जंगेठी के स्कूल के पास गाड़ी लावारिस हालत में खड़ी मिली। गांव पोहल्ली निवासी राहुल पुत्र कृष्णपाल ने बताया कि वह महिंद्रा पिकअप किराए पर चलाने का कार्य करता है। बुधवार को गाड़ी घर के बाहर खड़ी कर मकान में सोने चला गया था। रात में किसी समय अज्ञात चोर गाड़ी को चुराकर ले गए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार सुबह मकान के बाहर से गाड़ी गायब मिली। गांव व आसपास काफी तलाश करने पर भी गाड़ी नहीं मिली। घटना के संबंध में पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। बाद में थाने में तहरीर देकर गाड़ी बरामद की गुहार लगाई। जांच पड़ताल के बाद गाड़ी कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव जंगेठी मेंं स्कूल के पास लावारिस स्थिति में खड़ी मिली। सरधना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और गाड़ी अपने कब्जे में ले ली। बताया कि गाड़ी में तकनीकी कमी चल रही है, जिस कारण चोर रास्ते में छोड़कर चले गए।