खेड़ा मुगल में पेट्रोल पंप पर लूटपाट के बाद बाइक से फरार होते बदमाश । स्रोत- सोशल मीडिया
देवबंद (सहारनपुर)। खेड़ा मुगल में रविवार की रात्रि नकाबपोश तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर पेट्रोल पंप सेल्समैन से हजारों रुपये की नकदी लूट ली। बदमाश सेल्समैन को जान से मारने की धमकी देकर फरार हुए। वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
रविवार की रात्रि करीब दस बजे खेड़ा मुगल स्थित अल मलिक फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर काली रंग की बाइक आकर रुकी। जिस पर तीन लोग सवार थे। उन्होंने बाइक में सौ रुपये का तेल भरवाया। जिसके बाद वह रास्ता पूछने कर बहाने सेल्समैन परीक्षित कुमार के पीछे ऑफिस में घुस गए। भीतर घुसते ही उन्होंने सेल्समैन पर तमंचा तान लिया और उसकी जेब में रखी करीब सात हजार रुपये की नकदी और मोबाइल लूट लिया।
बदमाशों ने ऑफिस में रखी टेबल का गल्ला खोलने की कोशिश भी की, लेकिन इसमें वह सफल नहीं हुए। बाद में बदमाश सेल्समैन को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ करते हुए पंप में लगे सीसीटीवी की फुटेज लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। सीओ अशोक सिसोदिया का कहना है बदमाशों की तलाश की जा रही है। मामले में पेट्रोल पंप मालिक मुशर्रफ आलम ने पुलिस को तहरीर दी है।