दिल्ली रोड स्थित पेट्रोल पंप पर तेल डलवा रहे दो भाइयों से एक दर्जन से अधिक बाइक सवार युवकों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी भी की। पूर्वा महावीर निवासी समीर के अनुसार सोमवार रात 10:40 बजे वो अपने भाई शाहरुख के साथ दिल्ली रोड स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरा रहा था। तभी 8-10 बाइकों पर 15-20 युवक वहां आए और आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी करते हुए मारपीट करने लगे। विरोध करने पर बीयर की बोतलों से हमला किया। देर रात पीड़ित युवक अपने परिजन और मोहल्ले वालों के साथ युवा सेवा समिति के अध्यक्ष बदर अली को लेकर ब्रह्मपुरी थाने पहुंचे। पीड़ितों ने तहरीर देकर बताया कि हमला उन्हें निशाना बनाकर किया गया है। इंस्पेक्टर सतीश राय ने बताया कि बाइक में साइड लगने को लेकर मारपीट हुई है। पीड़ित की तहरीर मिली है। डॉक्टरी कराई जा रही है। मारपीट का मामला दर्ज किया जाएगा।