फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली के लोग अब मेरठ में बसना चाहते हैं : योगी

Thu, 11 Apr 2024 03:31 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मेरठ
विज्ञापन
विज्ञापन
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 14 मिनट के संबोधन में विकास की योजनाएं गिनाईं। योगी ने कहा कि एक दौर था जब मेरठ के लोग यहां से चले जाते थे, अब विकास के चलते स्थिति इतनी सुखद हो गई है कि दिल्ली के लोग भी मेरठ में बसना चाहते हैं। कश्मीर के आज के हालात को लेकर बदलाव का भी जिक्र किया। उनके संबोधन में सबसे ज्यादा जोर राष्ट्रधर्म पर रहा। उन्होंने पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि अच्छा नेतृत्व देश को बुलंदियों पर ले जाता है, गलत नेतृत्व दरिद्रता लाता है।
विज्ञापन

योगी ने पाकिस्तान का उदाहरण देते हुए कहा कि एक तरफ भारत पिछले चार साल से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सौगात दे रहा है, वहीं भिखमंगा पाकिस्तान कटोरा लेकर दुनियाभर में भीख मांग रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसी सभा आज सरधना में हो रही है वैसी ही जम्मू-कश्मीर में आज थी। उन्होंने कहा कि 10 वर्ष पहले ऐसी सभा वहां संभव नहीं थी।
योगी ने कहा कि भारतीय जन संघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने नारा दिया था कि एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान नहीं चलेंगे। श्यामा प्रसाद इसी दोहरी व्यवस्था के खिलाफ शहीद हुए। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 70 वर्षों तक कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इस व्यवस्था को बनाए रखा। आतंकवाद पनपता रहा। देश को डंक मारता रहा। नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने अनुच्छेद 370 को समाप्त करने का काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारतीय कहीं भी जाते हैं तो 140 करोड़ देशवासियों को सम्मान मिलता है। सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। पाकिस्तान पर तंज कसते हुए कहा कि आज किसी दुर्घटना से सिलेंडर फट जाए तो पाकिस्तान सफाई देता है कि हमारा कोई हाथ नहीं है। उसको लगता है कि कहीं आतंकी गतिविधियों में पाकिस्तान के शामिल होने की बात आ गई तो एयर स्ट्राइक में लेने के देने न पड़ जाएं।
विज्ञापन

योगी ने कहा कि आज देश के अंदर जो इन्फ्रास्ट्रक्चर का कार्य हुआ है। हाईवे, रेलवे, मेट्रो, एक्सप्रेसवे, आईआईटी, आईआईएम, मेडिकल कॉलेज बड़ी तादात में खुले हैं। मेरठ को लेकर उन्होंने कहा कि यहां के तो कहने ही क्या हैं। 12 लेन का एक्सप्रेसवे बनने के बाद अब मेरठ के लोग दिल्ली में नहीं रहना चाहते हैं बल्कि दिल्ली के लोग अब यहां आवास बनाना चाहते हैं। सरधना और मुजफ्फरनगर में रहना चाहते हैं। 32 हजार करोड़ का रैपिड रेल प्रोजेक्ट मेरठ को ही मिला है। 700 करोड़ की लागत से खेल यूनिवर्सिटी बन रही है। विकसित भारत के लिए विकसित उत्तर प्रदेश चाहिए और इसके लिए विकसित मेरठ और मुजफ्फरनगर चाहिएं।

महाराणा प्रताप ने राष्ट्र धर्म निभाया
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाराणा प्रताप की बात होती है तो भारत के स्वाभिमान की बात होती है। भारत के सम्मान की बात होती है। उन्होंने राष्ट्र के लिए सम्मान के लिए घास की रोटी खाई लेकिन विदेशी हुकूमत के सामने सर नहीं झुकाया। योगी ने कहा कि हमें किसी भी ऐसे व्यक्ति के बहकावे में नहीं आना है जिससे हमारा राष्ट्र धर्म खतरे में आए। विपक्ष के बारे में कहा कि याद रखना जब भी राष्ट्र धर्म पर खतरा आया है कि इन्हीं लोगों के कारण आया है।


ये रहे मंच पर मौजूद
मुख्यमंत्री के साथ मंच पर प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान के अलावा भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येन्द्र सिसोदिया, प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिलाध्यक्ष मेरठ शिवकुमार राणा, जिलाध्यक्ष मुजफ्फरनगर सुधीर सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, पूर्व विधायक संगीत सोम, विक्रम सैनी, विमल शर्मा, यशवीर सिंह, सुनील भराला, यशवीर सिंह, मनिंदरपाल सिंह, मयंक गोयल, सुखविंदर सोम, लोकेश प्रजापति, इंद्रपाल बजरंगी जिला प्रभारी मयंक गोयल मौजूद रहे।


संगीत सोम बोले, मुख्यमंत्री की हर बात का सम्मान
सरधना। रार्धना गांव के जवाहर इंटर कॉलेज के मैदान पर आयोजित चुनावी जनसभा में पूर्व विधायक संगीत सोम ने दो मिनट में अपनी बात खत्म की। उन्होंने सीएम योगी का चौबीसी क्षेत्र में आने पर आभार जताया। मुख्यमंत्री की हर बात का सम्मान किए जाने का समर्थन किया।


चौबीसी के लोगों का खूब मिल रहा प्यार : बालियान
सरधना। मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. संजीव बालियान ने अपने चार मिनट के भाषण में चौबीसी क्षेत्र से लोगों का प्यार मिलने की बात कही। कहा कि जिनसे भी गिले शिकवे हैं उन्हें बिठाकर दूर किया जाएगा। जैसा पहले सरधना विधानसभा की जनता ने सम्मान दिया है वही सम्मान आज भी बरकरर है। उनके इस भरपूर प्यार को कभी भुुलाया नहीं सकता।

सभा के बाद भी नजर आई सोम के बयान में तल्खी

योगी आदित्यनाथ की चौबीसी में जनसभा होने के बाद भी पूर्व विधायक संगीत सोम के बयान में तल्खी नजर आई। संजीव बालियान को लेकर उन्होंने कहा कि गुंडे पालेंगे वो, लोगों के बीच 10 साल नहीं जाएंगे वो। लोगों से बदसलूकी करेंगे वो। कहा कि हम विकास की राजनीति करते हैं। उन्होंने संजीव बालियान के प्रचार को लेकर कहा कि वह कभी उनका प्रचार नहीं करते हैं, भाजपा का प्रचार करते हैं। संजीव बालियान से नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनका स्तर नहीं है मुझसे बात करने का। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि सब लोग मिलकर बैठेंगे तो नाराजगी दूर हो जाएगी। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में गुंडे पालने के बयान पर संगीत सोम का कहना है कि संजीव बालियान ने उनके बारे में दो दिन पहले कहीं गलत बयान दिया था, उस बयान को लेकर उन्होंने ये बात कही है। सोम ने कहा कि मैं पार्टी का सिपाही हूं। पूरी ताकत से चुनाव लड़ाएंगे।



सोम के पक्ष और बालियान के विपक्ष में लगे नारे

जनसभा में पहुंचे युवाओं के एक दल ने संगीत सोम के पक्ष में और संजीव बालियान के विपक्ष में नारेबाजी की। एक गैलरी में मौजूद युवा भी संजीव बालियान के बोलने के दौरान हाथ हिलाकर संगीत सोम के नारे लगाने लगे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें