जानीखुर्द। कस्बा सिवालखास में जुमे की नमाज के बाद नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हुए बवाल के बाद रविवार को कस्बे में शांति बनी रही।
कस्बा सिवालखास में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में नमाज के बाद भीड़ ने कांवड़ मार्ग पर वाहनों पर पथराव किया था। मौके पर पहुंची पुलिस पर भी भीड़ ने पथराव किया था। इस पर पुलिस ने लाठी फटकारकर भीड़ को मौके से भगाया था। घटना को लेकर पुलिस ने 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि 70-80 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। कस्बे के बाजार रोजाना के तरह खुले। हालांकि बवाल और ठंड का असर बाजार में साफ दिखाई दिया। जिसके चलते बाजार में ग्राहक कम दिखाई दिए। वहीं, पूरे दिन पुलिस ने मोबाइल गश्त की। वहीं, जानी थाना प्रभारी योगेंद्रपाल सिंह के अनुसार घटना के मुख्य आरोपियों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।