संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। घाट सड़क स्थित पंचवटी क्रिकेट ग्राउंड पर सोमवार को अंडर-19 का मैच पंचवटी क्रिकेट अकादमी व नेक्स्ट जनरेशन क्रिकेट अकादमी के बीच खेला गया। नेक्स्ट जनरेशन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पंचवटी अकादमी को 165 रनों का लक्ष्य दिया। इसमें देव पवार ने 43 व शिवम ने 37 रन बनाए। पंचवटी अकादमी के गेंदबाज आर्यन आर्या ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए। लविश ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंचवटी अकादमी की टीम ने 20.4 ओवरों में 4 विकेट खोकर 165 रन बनाकर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। कृष गुप्ता ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 68 रन बनाए। जनरेशन अकादमी के गेंदबाज यश वर्मा दो और दक्ष वीर ने एक-एक विकेट लिया। पंचवटी अकादमी ने 6 विकेटों से मैच को जीता। प्लेयर ऑफ द मैच आर्यन आर्या को कोच उमेश वर्मा और वासिल ने सम्मानित किया।