रेलवे रोड की कॉलोनी निवासी युवक और युवती का दो साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
शादी का झांसा देकर आरोपी ने बना थे संबंध, युवती के ठहर गया था गर्भ
मेरठ। रेलवे रोड थाना क्षेत्र निवासी बिन ब्याही मां की शादी उसके प्रेमी से ही होगी। बृहस्पतिवार को पंचायत में फैसला लिया कि अगर युवक ने शादी नहीं की तो बिरादरी में हुक्का पानी बंद कर दिया जाएगा। साथ ही बस्ती भी छोड़नी पड़ेगी। कार्रवाई के डर से युवक के परिजनों ने शादी के लिए हां कर दी। अब एक महीने बाद दोनों का निकाह होगा।
क्षेत्र के एक कालोनी निवासी युवती का दो साल से पड़ोसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी का झांसा देकर प्रेमी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए। युवती की शादी की बात चली तो उसने परिजनों को खुद के गर्भवती होने की जानकारी दी। इसके बाद युवती के परिजनों ने युवक के घर पहुंचकर हंगामा किया था। इस मामले में पंचायत के बाद दोनों पक्षों ने शादी के लिए सहमति जताई थी। मंगलवार को युवती दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में बेटी को जन्म दिया। जानकारी लगने पर युवक व उसके परिजनों ने शादी से इन्कार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हो गई। इस मामले में पीड़िता के परिजनों ने रेलवे रोड थाने में शिकायत की थी। थाना प्रभारी चमन प्रकाश शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों में पंचायत में फैसला हो गया। एक माह बाद युवती से युवक निकाह करेगा। संवाद