मेरठ। मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस और वीरीना फाउंडेशन की ओर से पुलिस लाइन में रविवार को स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इसमें स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर, फेफड़ों का कैंसर, मुख एवं गले का कैंसर और रक्त कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। साथ ही मैमोग्राफी, एक्स-रे, पीएफटी (फेफड़ों की जांच), बीएमडी (हड्डियों की जांच), न्यूरोपैथी और एनीमिया (खून की कमी) की जांच भी की गई। शिविर में 400 से अधिक महिलाओं ने जांच कराई। प्रतिभागियों को पिंक रिबन बांधकर स्तन कैंसर एवं महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अपराध अवनीश कुमार ने कहा कि स्वस्थ महिलाएं ही सशक्त हो सकती हैं। फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि हर महिला आत्मनिर्भर बने। इसके साथ ही जेल में महिला बंदियों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। संवाद