किठौर। कस्बे में आबादी क्षेत्र में शुक्रवार को लोगों ने 5जी मोबाइल टावर लगाए जाने का विरोध किया। टावर की किरणों से गंभीर रोगों का हवाला देते हुए फोन पर कंपनी के अधिकारियों से बात की। जिन्होंने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। इस बाबत मोहल्ले के लोगों ने एक शिकायत पत्र एसडीएम मवाना को लिखकर टाॅवर लगने से रुकवाने की मांग की है। मोहल्ला बड़वालियान में शकील अहमद पुत्र छोटन के मकान की छत पर 5जी मोबाइल टावर लगाने का काम चल रहा है। शुक्रवार को मोहल्लावासी फिरासत, नाजिम, इसरार, नजमा, नईमा, जीशान और हामिद अली ने टावर लगाने का विरोध किया। आरोप है कि मोबाइल टावर से निकलने वाली किरणें लीवर, किडनी, मस्तिष्क, बहरापन, हार्ट अटैक जैसे रोगों को जन्म देता है। उन्होंने टावर को आबादी से बाहर लगवाने की मांग की। इसके लिए उन्होंने फोन पर कंपनी अधिकारियों से भी बात की। सुनवाई न होने पर डीएम से शिकायत की बात कही।