हेल्थ एटीएम के लिए 18 दिन बाद भी नहीं मिला ऑपरेटर
खरखौदा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगे जिले के पहले हेल्थ एटीएम पर 18 दिन बाद भी कोई ऑपरेटर नहीं पहुंचा। लैब टेक्नीशियन ही मशीन को संचालित कर रहे हैं। पूर्ण प्रशिक्षित न होने के कारण 18 दिन में केवल 60 लोगों की ही जांच हुई है।
मेरठ जिले का पहला हेल्थ एटीएम करीब 18 दिन पहले खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगाया गया था। इस मशीन से कुछ ही मिनटों में 32 जांच निशुल्क होंगी। यह जांच कराने के लिए मरीज को मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल तक आना पड़ता था। जिस कारण मेडिकल कॉलेज व जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक रहती थी। जांच रिपोर्ट आने के लिए भी कई-कई दिन इंतजार करना पड़ता था। इसी परेशानी को देखते हुए सीएचसी हेल्थ एटीएम स्थापित किया गया था। मशीन को ऑपरेट करने के लिए प्रशिक्षित स्टाफ की भी व्यवस्था की जानी थी, लेकिन 18 दिन बाद भी कोई प्रशिक्षित ऑपरेटर अभी तक नहीं पहुंचा है। सीएचसी पर मौजूद लैब टेक्नीशियन धीरेंद्र कुमार ही काम चलाऊ तरीके से मशीन को ऑपरेट कर रहे हैं। जिसमें मरीजों की संपूर्ण जांच नहीं हो पा रही हैं।
नियुक्ति अभी नहीं हुई
सीएचसी प्रभारी प्रफुल्ल वर्मा का कहना है कि हेल्थ एटीएम ऑपरेट करने के लिए प्रशिक्षित स्टाफ की नियुक्ति अभी तक नहीं हो सकी है। लैब टेक्नीशियन ही कंपनी में डायरेक्ट बात कर मशीन ऑपरेट कर रहा है। लोगों में मशीन के बारे में जानकारी का अभाव है, जिस कारण कम मरीज ही जांच कराने पहुंच रहे हैं।