मेरठ। ज्येष्ठ गंगा दशहरा को लेकर आज से जिले में कई मार्गों पर भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी। डायवर्जन प्लान तैयार किया गया। यातायात पुलिस की ओर से अतिरिक्त ड्यूटी प्वाइंट तैयार किए गए हैं। दो शिफ्ट में यहां ड्यूटी करेगी। गंगा दशहरा पर्व आज मनाया जाएगा। गढ़मुक्तेश्वर और ब्रजघाट में काफी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए जाते हैं। सुरक्षा व व्यवस्था को देखते हुए मेरठ से मुरादाबाद वाले मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। किठौर से आगे कोई भारी वाहन मुरादाबाद की तरफ नहीं जाएगा। मेरठ से मुरादाबाद के लिए भारी वाहनों को मवाना रोड से मीरापुर होकर बिजनौर बैराज, बिजनौर-नूरपुर, काठ, छजलेट के रास्ते मुरादाबाद पहुंचना होगा। मुरादाबाद से गाजियाबाद और दिल्ली जाने के लिए भारी वाहनों को इसी रास्ते से मेरठ होकर मोदीनगर के रास्ते जाना होगा। एसपी यातायात राघवेंद्र मिश्रा के अनुसार यह व्यवस्था 6 जून की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। सुरक्षा के लिहाज से खरखौदा-हापुड़ मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।