गंगा की एक धार बहा ले गई 24 में लगाए बांस-बल्ली
हस्तिनापुर। चांदपुर और हस्तिनापुर को जोड़ने वाले भीमकुंड गंगा पुल की सड़क की मरम्मत के लिए 24 घंटे में हुए काम को गंगा की एक तेज धार ही बहा ले गई। दो दिन से शांत गंगा ने सोमवार को ऐसा रौद्र रूप धारण कर लिया कि उसके आगे बांस, बल्ली, रेत-मिट्टी से भरे बोरे टिक नहीं सके। गंगा की धारा एप्रोच रोड़ से टकराई और करीब 30-35 फीट लंबे हिस्से को बहा ले गई।
मेरठ-बिजनौर को जोड़ने वाले भीमकुंड गंगा पुल की एप्रोच रोड का बड़ा हिस्सा तीन दिन पहले गंगा में समा गया था। सोमवार को स्थानीय निवासी कुलदीप, सतीश महाराज व बितेंद्र, रणवीर सिंह प्रधान, आदि ने कहा कि पिछले दो दिन से गंगा जलस्तर अधिक होने के बावजूद शांत बह रही थी। सोमवार को नदी ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते एप्रोच रोड का एक और बड़ा हिस्सा नदी में समा गया। शाम के समय गंगा कुछ शांत हुई तो फिर से मरम्मत का काम शुरू किया गया। वहीं रविवार को राज्यमंत्री दिनेश खटीक पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता राजीव कुमार ने गंगा पुल का जायजा लेकर एप्रोच रोड की मरम्मत तेज कराई थी। वहीं सोमवार शाम को गंगा में पानी का बहाव 78 हजार क्यूसेक रहा।