सोना ले जाने वाला एक कारीगर बंगाल में गिरफ्तार, दूसरा फरार
मेरठ। नील गली सराफा बाजार से व्यापारी शफीकुल हल्दर का लाखों रुपये का सोना लेकर भागे दो कारीगरों में से एक को बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा फरार है। मेरठ पुलिस भी शुक्रवार रात बंगाल पहुंच गई थी। जल्द ही उसे बी वारंट पर मेरठ लाया जाएगा। वहीं, मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन ने देहली गेट थाने पर हंगामा कर माल बरामद करने की मांग की।
शफीकुल हल्दर (मूल निवासी गांव मालिया जिला हुगली कोलकाता) का हल्दर नाम से शोरूम है। प्रथम तल पर बंगाल के ही कई कारीगर काम करते और रहते हैं। दूसरे तल पर व्यापारी स्वयं रहते हैं। डेढ़ साल पहले चिरंजीत और देबाशीष निवासी डुबरीभेरी किरचा हुगली बंगाल को काम पर रखा गया था। शफीकुल ने बताया कि बुधवार को कुछ सोना और जेवरात लेकर दुकानदारों को देने गए थे। देर शाम तक वह नहीं लौटे थे। केस दर्ज करने के बाद बंगाल पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा था। शुक्रवार को देहली गेट थाने की एक टीम बंगाल के लिए रवाना हो गई, हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही बंगाल पुलिस ने चिरंजीत को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि देबाशीष हाथ नहीं आया। हालांकि पुलिस को चिरंजीत के पास से कोई माल नहीं मिला है।
व्यापारी बोले, आरोपियों को पकड़ माल बरामद कराओ
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल के साथ सराफा व्यापारी देहली गेट थाने पहुंचे। उन्होंने हंगामा किया और कहा कि आरोपियों को पकड़कर माल बरामद किया जाए। उन्होंने कहा कि पहले भी कई कारीगर इस तरह माल लेकर भाग चुके हैं, लेकिन पुलिस नहीं पकड़ पाई है।
पुलिस ने कर्मचारियों से की पूछताछ
पुलिस ने शोरूम के कई कर्मचारियों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि चिरंजीत व देबाशीष उनके रिश्तेदार ही थे। वह साथ ही रहते थे। सुबह वह सोना लेकर गए थे। शाम को सामान्य बातचीत की थी, लेकिन रात तक नहीं आए। फिर उनका फोन बंद हो गया था। पुलिस को कर्मचारियों ने अन्य रिश्तेदारों के नाम और नंबर भी उपलब्ध कराए हैं।
चिरंजीत को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही देवाशिष को भी गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। टीम रवाना मेरठ से हो गई है। वहां से वारंट पर लाकर पुलिस पूछताछ कर कार्रवाई करेगी। -पीयूष सिंह, एसपी सिटी, मेरठ