पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने बकाया वसूली के लिए राजस्व संग्रह अभियान चला रखा है। मेरठ में इस अभियान के तहत अधिकारियों को 31 अक्तूबर तक 137 करोड़ रुपये वूसलने का लक्ष्य दिया गया था। अभी तक 90 करोड़ रुपये की वसूली हो सकी है। अधिकारी लक्ष्य से 47 करोड़ रुपये पीछे हैं और वसूली के लिए एक दिन का समय शेष है।
शहरी क्षेत्र में उपभोक्ताओं पर विभाग के 38 करोड़ रुपये बकाया हैं। इनमें 26 करोड़ रुपये के बड़े बकायेदार हैं। शहर में हर माह 120 करोड़ रुपये के बिल बनते हैं। उपभोक्ताओं पर कुल बकाया 158 करोड़ रुपये है।
एमडी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने शहर क्षेत्र में पांच डिवीजन के अधिकारियों को 137 करोड़ रुपये वसूलने का लक्ष्य दिया था। प्रत्येक बिजलीघर शहर क्षेत्र को दो करोड़ और देहात क्षेत्र को एक करोड़ का लक्ष्य था। त्योहार के कारण वसूली समय पर नहीं हो पाई। अधीक्षण अभियंता शहर राजेन्द्र बहादुर ने बताया कि 30 अक्तूबर तक शहर क्षेत्र में 90 करोड़ रुपये की वसूली कर ली गई है। लक्ष्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा।