मेरठ। वेस्ट एंड रोड पर बंगला नंबर-210 बी में बिल्डर राजीव सिंहल की कोठी में चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी सबीर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी बरामद की है। वहीं, फरार आरोपी शुएब की घेराबंदी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। बिल्डर के घर काम करने वाले एक कर्मचारी की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। उससे पूछताछ की जा रही है।
बिल्डर राजीव सिंहल पत्नी डिंपल सिंहल और मलियाना निवासी चालक सोनू के साथ शुक्रवार को कार से वृंदावन दर्शन के लिए गए थे। घर पर बेटे पार्थ सिंहल और छह वर्षीय छोटे बेटे को छोड़ गए थे। शाम को पार्थ सिंहल छोटे भाई को कोठी के सामने एक परिचित के घर में छोड़कर साइट देखने के लिए चले गए थे। इस बीच घर पर काम करने वाली घरेलू सहायिका आई और कोठी के सामने से चाबी ली। उसने अंदर देखा तो सामान बिखरा था। पुलिस को बताया गया कि चोर 12 लाख रुपये की नकदी और लाखों के जेवरात लेकर फरार हुए। सीसीटीवी में दो चोर कैद हुए थे। वे बाइक पर सवार होकर बांबे बाजार पुलिस चेक पोस्ट के सामने से आए और वारदात के बाद सदर थाने के सामने से होते हुए फरार हुए।
इस मामले में पुलिस ने अब आरोपी सबील निवासी लिसाड़ी गेट को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से लाखों रुपये की नकदी और जेवरात बरामद किए गए हैं। दूसरे आरोपी शुएब की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। एसएसपी डाॅ. विपिन ताड़ा ने बताया कि पूरा सामान बरामद हो गया है। एक कर्मचारी की भूमिका की जांच की जा रही है। शुएब के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को घटना का खुलासा किया जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज और बीटीएस से मिली पुलिस को मदद
वारदात करने गए बदमाश सीसीटीवी में कैद हो गए थे। इसके साथ ही सर्विलांस टीम को भी एसएसपी ने लगाया था। बीटीएस के माध्यम से भी पुलिस को मदद मिली। इसके आधार पर आरोपियों तक पुलिस पहुंच गई। सबील को पकड़ लिया गया।