मुंडाली। थाना पुलिस ने गांव मुंडाली स्थित हनुमान मंदिर में हुई दानपात्र चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी शहजाद निवासी गांव जिसोरी को मुंडाली-जिसोरी मार्ग से गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई खाली दान पेटिका और नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 28 जुलाई की रात अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर हनुमान मंदिर से दान पेटिका चुराई थी। चोरी के बाद दोनों ने आपस में नकदी बांट ली थी और खाली दान पेटिका पास के खेतों में फेंक दिया था। पुलिस द्वारा आरोपी की निशानदेही पर खाली दान पेटिका और नकदी बरामद की है। सीओ किठौर सौम्या अस्थाना का कहना है कि आरोपी के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया।