पीट्सबर्ग यूनिवर्सिटी के साथ शोध की बारीकियां सीखेंगे कैंपस के छात्र
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग एवं नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर मेटेरियल्स एडवांसमेंट (एनआईएमए) पीट्सबर्ग स्टेट यूनिवर्सिटी, पीट्सबर्ग अमेरिका के बीच एमओयू साइन हुआ है। इससे विवि के शिक्षक विज्ञान, मानविकी, कला तथा अभियांत्रिकी के क्षेत्र में विशेषज्ञता के आधार पर शोध को प्रोत्साहन देंगे। दोनों विश्वविद्यालयों के स्नातक, परास्नातक एवं पीएचडी शोधार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।
दोनों संस्थानों के बीच फैकल्टी और शोध छात्रों का आदान-प्रदान किया जाएगा। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय के स्थापना के समय से ही भौतिकी विभाग विश्व स्तरीय रहा है। इस प्रकार के एमओयू हमारे शोधार्थियों एवं छात्रों को एक उचित प्लेटफार्म देंगे। एमओयू के नोडल अधिकारी एवं भौतिकी विभाग के अध्यक्ष प्रो. बीरपाल ने बताया कि पीट्सबर्ग स्टेट विवि के शोधार्थी विज्ञान, कला एवं अभियांत्रिकी के साथ-साथ भारत की ऐतिहासिक धरोहर, आयुर्वेद, योग, जीवन मूल्यों एवं भारतीय दर्शन पर अध्ययन करने के साथ शोध भी करेंगे। इस दौरान प्रो. भूपेंद्र सिंह, प्रो. मृदुल गुप्ता, प्रो. हरे कृष्णा, प्रो. बिंदु शर्मा, प्रो. नीलू जैन, प्रो. मुकेश शर्मा, प्रो. अनिल मलिक आदि मौजूद रहे।