मवाना। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक के नेतृत्व में मेरठ के पदाधिकारियों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान से दिल्ली में मुलाकात कर किसानों की समस्याओं का ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष कालू प्रधान ने बताया कि ज्ञापन में किसानों के लिए निशुल्क इलाज योजना लागू करने, गन्ने का दाम 450 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने, प्रदेश में यूरिया खाद की कमी को तत्काल दूर करने की मांग की। कहा कि अस्पतालों में उपचार महंगा होता जा रहा है, फसल की लागत बढ़ रही है और दाम वाजिब नहीं मिल पा रहा है। सरकार को किसानों के लिए निशुल्क इलाज की व्यवस्था के लिए योजना लागू करनी चाहिए। इसके अलावा बाढ़ पीड़ित किसानों को जल्द मुआवजा दिया जाए। इस दौरान कुश चौधरी, मेराज मलिक, अभिलाष, दिनेश, अंकित, चौधरी विकुल, विनीत, सचिन, सनी, नीरज, पवन, मंजीत, सोनू, वीरपाल, जितेंद्र, निर्दोष आदि मौजूद रहे।