सफाई के दौरान ओडियन नाले की दीवार गिरी
मेरठ। नाला सफाई के दौरान बुधवार को ओडियन नाले की दीवार गिर गई। नाला पटरी पर खड़े हाईटेंशन लाइन के खंभे भी गिरने से बचे। इसके बाद नाला सफाई बंद कर दी गई। नगर निगम की टीम दो दिन से ओडियन नाले की सफाई कर रही है। बुधवार को निगम कर्मचारी आशियाना पुल से चारपाई वाले पुल के बीच नाले की सफाई कर रहे थे। जेसीवी भी लगी थी। इसी दौरान हाल ही में आरसीसी से बनाई गई नाले की 150 मीटर दीवार गिर पड़ी। करीब 50 मीटर दीवार में दरार पड़ गई। मौके पर ही अतिक्रमण हटा रहे प्रवर्तन दल के सदस्यों ने इसकी सूचना नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया को दी। नगर निगम के इंजीनियर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नाला सफाई का काम बंद करा दिया। पार्षद हाजी सईद अंसारी का आरोप है कि ठेकेदार ने नाले की दीवार को ऊपर ही रखकर खड़ा कर दिया था। निर्माण के दौरान अधिकारियों से आपत्ति दर्ज करायी थी, लेकिन किसी ने संज्ञान नहीं लिया।