अब आठ मई से होंगी यूपी बोर्ड की परीक्षाएं
- परीक्षा की तारीखों में हुआ बदलाव, जिले में 87 हजार से ज्यादा देंगे यूपी बोर्ड की परीक्षा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षा की डेटशीट में बदलाव हुआ है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं अब 8 मई से शुरू होंगी।
हाईस्कूल की परीक्षा 25 और इंटर की परीक्षा 28 मई को समाप्त होगी। पंचायत चुनाव के कारण यह बदलाव किया गया है।
जिले में 87 हजार 297 ने परीक्षा के लिए आवेदन किया हुआ है, जबकि मेरठ परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 17 जिलों में 10 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी हैं।
जिले में इस बार 116 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पिछले साल यहां 101 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
तैयारी करने में होगी आसानी
पहले भी सही समय पर परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया था। अब और समय मिल गया है। इससे विद्यार्थियों को तैयारी करने में आसानी होगी।
- फतेहचंद, प्रधानाचार्य, जीआईसी
बेहतर तैयारी कर सकते हैं
इस बार पढ़ाई प्रभावित रही है, लेकिन फिर भी अभी काफी समय है। परीक्षा की और बेहतर तैयारी कर सकते हैं। एक माह का अभी वक्त है।
- बालकृष्ण, प्रधानाचार्य, सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज
पिछले वर्ष फरवरी में हुई थी परीक्षा
पंचायत चुनाव के कारण परीक्षाएं पीछे हुई हैं। पिछले साल फरवरी में ही परीक्षाएं शुरू हो गई थी।
- सुशील कुमार, प्रधानाचार्य डीएन इंटर कॉलेज
कोर्स पूरा हो चुका है
सभी विद्यालयों में कोर्स लगभग पूरा हो चुका है। परीक्षा में भी अभी काफी समय है। विद्यार्थी बेहतर तरीके से परीक्षा दे पाएंगे।
- गिरजेश चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक