मेरठ। जन प्रतिनिधियों द्वारा अपने क्षेत्र में सड़कों, पुलों और अंडरपास के भेजे गए प्रस्तावों की समीक्षा बैठक की गई। सांसदों, विधायकों और एमएलसी के प्रस्तावों को सोमवार को जिला प्रशासन की ओर से शासन को भेजा जाएगा। इनमें शहर में जटौली गांव से गढ़ रोड तक नॉर्थ रिंग रोड बनाने का भी प्रस्ताव है।
विकास भवन के सभागार में शुक्रवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग की कार्य योजना अनुमोदन के लिए समीक्षा बैठक हुई। ऊर्जा राज्यमंत्री डॉ सोमेंद्र तोमर की अध्यक्षता में हुई बैठक में सांसद, विधायकों ने अपने सड़क, पुल, अंडरपास संंबंधित प्रस्ताव रखे। पूर्व में दिए गए प्रस्तावों के बारे में भी बताया। कैंट विधायक ने बताया कि शहर में नॉर्थ रिंग रोड भी बनाया जाएगा। जो जटौली गांव के पास नाले से शुरू होकर रुड़की रोड, डौलरी, मवाना रोड, किलो रोड होते हुए गढ़ रोड पर काली नदी पुल तक बनेगा। यह करीब 13 किलोमीटर लंबा होगा। नाले पर दोनों ओर सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए जमीन की भी जरुरत नहीं पड़ेगी। नार्थ रिंग रोड बनने से नेशनल हाईवे का यातायात बिना शहर में जाए गढ़ रोड पर पहुंच जाएगा, जिससे जाम से राहत मिलेगी। उन्होंने बताया इस प्रस्ताव को शासन ने स्वीकार कर लिया है।
समीक्षा बैठक में सांसद राजकुमार सांगवान, एमएलसी अश्वनी त्यागी, विधायक अमित अग्रवाल, विधायक गुलाम मोहम्मद ने अपने क्षेत्र की सड़कों, अंडरपास, पुलों आदि के प्रस्ताव रखे। बैठक में डीएम दीपक मीणा भी मौजूद रहे।