होटल मालिक के बेटे को गोली मारने वालों का सुराग नहीं, आईजी से गुहार
मेरठ। सोहराबगेट बस अड्डे के सामने होटल मालिक के बेटे पर जानलेवा हमले के आरोपी मेरठ कॉलेज के छात्रनेता का आज तक कोई सुराग नहीं लगा। मामले में पीड़ित परिजनों ने बुधवार को आईजी से गुहार लगाई। नौचंदी थाना क्षेत्र के प्रीत विहार निवासी राजवीर सिंह का गढ़ रोड पर बस अड्डे के सामने सतगुरु होटल है। 29 नवंबर को मेरठ कॉलेज के छात्रनेता ने होटल मालिक के बेटे विकास कुमार से रात में दो बजे खाना मांगा। मना करने पर आरोपियों ने विकास को गोली मार दी। मामले में छात्रनेता विशाल चौधरी व रवि समेत तीन पर बीस बीस हजार का इनाम है। पीड़ित परिजनों ने आईजी से कहा कि नौचंदी पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। आईजी आलोक सिंह ने एसपी सिटी को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।