शामली। शामली के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक रामसेवक गौतम ने सोमवार शाम को कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने थाना प्रभारियों की बैठक लेकर जिले की अपराध समीक्षा की। उन्होंने कानून व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शासन ने दो दिन पहले पुलिस अधीक्षक अभिषेक का स्थानारण कर बिजनौर का पुलिस अधीक्षक बनाया। कानपुर नगर के पुलिस उपायुक्त रामसेवक गौतक को शामली का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। सोमवार शाम को पुलिस अधीक्षक रामसेवक गौतम ने शामली पहुंचकर जिले कार्यभार संभाल लिया।
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने जिले के सभी सीओ और थाना प्रभारियों की बैठक लेकर जिले की अपराध समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारियों से कहा कि अपराधियों व माफियाओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा न जाए। कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए। साथ ही समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पीड़ितों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाए और उनकी बात को ध्यानपूर्वक सुनकर उसका निस्तारण किया जाए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान एएसपी संतोष कुमार सिंह, सभी सीओ और थाना प्रभारी मौजूद रहे।