सरधना। नगर के पांडुकशिला रोड पर मंगलवार की रात घुड़चढ़ी के दौरान पड़ोसियों ने रंजिश में मारपीट कर दी। इस दौरान दो लोग घायल हो गए। परिजनों ने घायलों काे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। मोहल्ला मंडी चमारान निवासी ब्रह्मपाल के पुत्र अक्षय की मंगलवार रात घुड़चढ़ी की रस्म हो रही थी। भूमिया माता मंदिर में जाते समय पड़ोसी पांडुकशिला रोड पर गाली गलौज करने लगे। शादी पक्ष के लोगों ने घुड़चढ़ी के दौरान गाली गलौज करने का विरोध किया तो आरोपियों ने कई लोगों के साथ मारपीट कर दी। इसमें ब्रह्मपाल का छोटा भाई संजय और बहन सुनीता घायल हो गए। घुड़चढ़ी के दौरान भगदड़ मच गई। परिजनों ने घायलों को नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के संबंध में पीड़ित ब्रह्मपाल ने तहरीर देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।