मेरठ। परतापुर के रिठानी में सराफा कारोबारी दीपक लोधी की दुकान में चोरी के लिए सुरंग बनाने की वारदात के बाद सोमवार को एडीजी जोन राजीव सभरवाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने सराफ के साथ ही बाजार के अन्य व्यापारियों से बात कर घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आशंका जताई कि सुरंग घटना से एक सप्ताह पहले खोदी गई। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों से पिछले 10 दिन की गतिविधियों को जांचने के निर्देश भी दिए। इस वारदात में चुन्नू मुन्नू नाम का गैंग का नाम सामने आया है।
दो फरवरी की सुबह सराफ ने परतापुर पुलिस को वारदात की जानकारी दी थी। सराफ ने बताया कि दुकान में सोने-चांदी के आभूषण के अलावा जनरल स्टोर का सामान रखते हैं। आभूषण दुकान में तिजोरी में रखे थे। चोर सुरंग के रास्ते से दुकान में घुस गए, लेकिन तिजोरी नहीं तोड़ पाए। आर्टिफिशियल ज्वेलरी और जनरल स्टोर का सामान चोरी करके आरोपी फरार हो गए। तिजोरी और काउंटर पर उन्होंने लिखा था... चुन्नु-मुन्नु सुरंग चोर गैंग, सॉरी हम चोरी करने में कामयाब नहीं हो सके। हमें नाम कमाना है। दीपक भाई हम फिर आएंगे।
इस घटना के चार दिन बाद भी पुलिस चोरों को नहीं ढूंढ सकी है। सोमवार को एडीजी ने एसपी सिटी और रिठानी पुलिस चौकी इंचार्ज को साथ लेकर घटनास्थल की जांच की। उन्होंने सुरंग की बारीकी से छानबीन की। आशंका जताई कि चोरों ने इसे खोदने के लिए कई दिन लगाए होंगे। यह सुरंग घटना से एक सप्ताह पुरानी हो सकती है। एसपी सिटी पीयूष सिंह ने चौकी इंचार्ज को 10 दिन के कैमरे देखने की बात कही है।
सुरंग वाला गैंग बना चुनौती
इन दिनों रैपिड रेल का काम तेजी से चल रहा है। ऐसे में सुरंग बनाकर वारदात करने वाला गैंग पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। ऐसे में चोर बड़ी वारदात भी कर सकते है। एडीजी के पहुंचने के बाद पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर जल्द ही गिरोह तक पहुंचने का दावा कर रही है।